सिंहस्थ की सफलता के लिए मुनिश्री के सानिध्य में होगी 1008 शांतिधारा-चढ़ेगा 16 फीट का नारियल
उज्जैन। तपोभूमि प्रणेता मुनिश्री प्रज्ञासागरजी महाराज का 24 जनवरी को उज्जैन में आगमन होगा। महावीर स्वामी के इतिहास को सहेजकर महावीर तपोभूमि का निर्माण कराने वाले मुनिश्री प्रज्ञासागरजी महाराज के सानिध्य में फिर एक ऐतिहासिक आयोजन 7 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। जिसमें 1008 शांतिधाराओं के साथ 16 फीट का नारियल श्री महावीर स्वामी को चढ़ाया जाएगा। यह कार्यक्रम विश्व में कीर्तिमान स्थापित करेगा। उल्लेखनीय है कि सिंहस्थ महापर्व उज्जैन में होने जा रहा है जिसकी सफलता के लिए मुनिश्री प्रज्ञासागरजी महाराज 1008 श्रध्दालुओं द्वारा एक साथ शांतिधारा कराएंगे। इतिहास में पहली बार होने वाला यह महापर्व 7 फरवरी को होगा। इस कार्यक्रम को देखने के लिए देशभर से ही नहीं अपितु विश्वभर से लोग उज्जैन आ रहे हैं। मीडिया प्रभारी सचिन कासलीवाल के अनुसार पिछले दिनों महाराजश्री को उज्जैन में आने के लिए श्रीफल सामाजिक संसद अध्यक्ष एवं तपोभूमि अध्यक्ष अशोकजैन चायवाला, महेश जैन, पवन बोहरा, धर्मेन्द्र सेठी, राजेन्द्र लुहाडि़या, सुनील जैन, ओम जैन, फूलचंद छाबड़ा, देवेन्द्र जैन, सुधीर चांदवाड़, उज्जैन के सभी दिगंबर जैन मंदिरों के अध्यक्ष एवं ट्रस्टीगण, सभी महिला मंडलों के साथ-साथ प्रज्ञा कलामंच ने श्रीफल भेंट किया था। मुनिश्री की बुधवार की आहारचर्या आगर में हुई, आज पाट में होगी। 24 जनवरी को मुनिश्री प्रज्ञासागरजी महाराज पैदल विहार करते हुए उज्जैन पहुंचेंगे जहां उनकी भव्य अगवानी होगी।